
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित विकास भवन में सौरभ नर्सरी द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 5001 निःशुल्क पौधों के वितरण का अभियान चलाया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग नर्सरी पहुंचे और पौधे प्राप्त कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। प्रत्येक व्यक्ति को पांच-पांच पौधे वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक स्थानों पर हरियाली विकसित की जा सके।सौरभ नर्सरी के संचालक सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि वे पिछले 17 वर्षों से पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर अभियान को बड़े स्तर पर आयोजित किया गया, जिससे लोगों में वृक्षारोपण और पौधों की देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़े।उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से लोगों को छायादार और फलदार पौधे वितरित किए गए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने आसपास उपलब्ध खाली स्थानों, पार्कों और सार्वजनिक क्षेत्रों में पौधे लगाकर हरित वातावरण बनाने में योगदान दें।कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई लोगों ने हर वर्ष कम से कम पांच पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण तैयार करने का आह्वान किया।