
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। विश्व जनसंख्या दिवस अभियान (11 से 18 जुलाई 2026) को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को डब्ल्यूपीपीडी (विश्व जनसंख्या दिवस) जिला स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने की।बैठक में नोडल अधिकारी परिवार कल्याण डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस पखवाड़े के दौरान जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकायों एवं स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस अभियान 2026 के लिए “जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” स्लोगन निर्धारित किया गया है। इसी थीम के आधार पर जिले में अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से लक्षित दंपत्तियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के बारे में परामर्श दिया जाएगा और उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इसके अलावा इंटरमीडिएट एवं डिग्री कॉलेजों में परिवार नियोजन विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम, आईयूसीडी (प्रसव पश्चात एवं अंतराल आईयूसीडी) सेवाएं, गर्भ निरोधक गोलियां, इंजेक्टेबल गर्भनिरोधक एमपीएम (अंतरा), महिला एवं पुरुष नसबंदी सहित अन्य परिवार कल्याण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत होने वाली सभी गतिविधियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि परिवार नियोजन सेवाओं को अधिक से अधिक अपनाएं, जिससे “छोटा परिवार, सुखी परिवार” की अवधारणा को साकार किया जा सके।बैठक में जनपदीय विभागीय अधिकारी, डीपीएम, डीसीपीएम, परिवार कल्याण विशेषज्ञ शिखा यादव, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, बीपीएम, बीसीपीएम, एचईओ, एआरओ, परिवार कल्याण काउंसलर सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।