
गौरीगंज/अमेठी। बड़ौदा आरसेटी में बुधवार को 30 दिवसीय निशुल्क आवासीय फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रशिक्षण का समापन हुआ। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर 26 प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि जगदीश यादव ने कहा कि फोटोग्राफी समाज, संस्कृति और इतिहास को सहेजने का माध्यम है और डिजिटल दौर में इसमें रोजगार की बेहतर संभावनाएं हैं। आरसेटी निदेशक पूजा लाल ने कौशल प्रशिक्षण को युवाओं की आत्मनिर्भरता का माध्यम बताया। प्रशिक्षण के दौरान फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, मोबाइल कंटेंट, प्रकाश व्यवस्था और फ्रेमिंग की जानकारी दी गई। प्रशिक्षार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में केक काटकर विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया गया।