
पारदर्शी विकास ब्यूरो | कुशीनगर
कुशीनगर जिले के थाना विशुनपुरा पुलिस ने चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक सक्रिय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह में शामिल दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग चार लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषण, 30,810 रुपये नकद, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, साइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में थाना विशुनपुरा पुलिस और सर्विलांस टीम ने यह कार्रवाई की। यह गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर उचकी पट्टी में हुई चोरी की घटना के अनावरण के दौरान की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो दिन में विभिन्न क्षेत्रों की रेकी करता था और मौका मिलते ही घरों व दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। गिरोह चोरी के जेवर, नकदी और वाहन औने-पौने दामों में बेचकर मौज-मस्ती में खर्च करता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे चोरी के दौरान दो नाबालिग लड़कों को साथ रखते थे ताकि पकड़े जाने पर वे बहाना बनाकर आसानी से निकल सकें और किसी को संदेह न हो।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रुस्तम अंसारी और जुल्फकार अंसारी, निवासी जंगल शंकरपुर थाना तुर्कपट्टी के रूप में हुई है। इनके खिलाफ पहले भी कुबेरस्थान और पटहेरवा थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना विशुनपुरा पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।