
पारदर्शी विकास न्यूज़ ब्यूरो
वाराणसी। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार 26 अगस्त को वाराणसी में जुलूस-ए-मुहम्मदी पारंपरिक अंदाज में शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया। सुन्नी जमईय्यतुल उलमा के तत्वावधान और काजी-ए-शहर मौलाना जमील अहमद कादरी की अगुवाई में सुबह करीब 6:30 बजे रेवड़ी तालाब स्थित अजहरी मैदान से जुलूस रवाना हुआ। इसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों की सैकड़ों अंजुमनों ने भाग लिया।प्रतिभागी इस्लामी झंडे, बैनर और पोस्टर लेकर नबी की शान में नात और तराने पढ़ते हुए आगे बढ़े। रास्तेभर धार्मिक नारों की गूंज सुनाई देती रही। जुलूस में कई प्रमुख उलेमा और गणमान्य लोग शामिल रहे। मुख्य अतिथि मौलाना इमरान रजा खान सहित मुफ्ती अहसन कमाल अय्यूबी, मुफ्ती मुहम्मद मुईनुद्दीन, मौलाना सादिक अख्तर समेत अन्य लोगों की मौजूदगी रही।जुलूस भेलूपुर, रविंद्रपुरी, शिवाला, सोनारपुर, मदनपुरा, गोदौलिया, चौक, मैदागिन, कबीरचौरा, पियरी, नई सड़क, गिरजाघर और रामपुरा होते हुए वापस रेवड़ी तालाब पहुंचा। यहां काजी-ए-शहर की दुआ और सलात-ओ-सलाम के साथ जुलूस का समापन हुआ। इसके बाद तबर्रुक वितरित किया गया। इस दौरान देश में अमन-शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की गई।