
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी में रविवार रात एसओजी और सिगरा पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्काबारों पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने पहले सिपाहियों को ग्राहक बनाकर भेजा और पुष्टि होने के बाद दो जगहों पर छापेमारी कर पूरे रैकेट का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान 18 लोगों को हिरासत में लिया गया।पुलिस ने डब्ल्यूएच स्मिथ स्कूल रोड स्थित पूर्विका होटल के बेसमेंट में चल रहे “लव बाइट हुक्का बार” पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही संचालक अभिषेक सोनकर और अजीत बिंद पीछे के रास्ते से फरार हो गए, जबकि कर्मचारी विवेक को पकड़ लिया गया। यहां 13 युवक नशा करते मिले।इसके बाद आकाशवाणी तिराहे के पास स्थित “लॉर्ड ऑफ शेशा” रेस्टोरेंट में छापेमारी की गई। यहां संचालक नितेश विश्वकर्मा उर्फ बाबू और दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया। मौके पर युवक-युवतियां अलग-अलग फ्लेवर वाले हुक्के का सेवन करते मिले। पुलिस के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को गेट पर रोक लिया।छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में हुक्के, फ्लेवर टोबैको और अन्य नशीली सामग्री बरामद की गई। एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि दोनों हुक्काबारों से अवैध नशीले पदार्थ मिले हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।