
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। समाजसेवी विनोद सहनी हत्याकांड को लेकर मोस्ट कल्याण संस्थान ने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। शुक्रवार को मोस्ट जनरल सेक्रेटरी राम उजागिर यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और परिवार की सुरक्षा के लिए दो शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की गई।ज्ञापन में हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने तथा न्याय व सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्ष परसपुर, चौकी इंचार्ज सहित संबंधित पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की गई। इसके अलावा राजधानी लखनऊ में विनोद सहनी की स्मृति में शासन द्वारा स्मारक बनवाने की मांग रखी गई।मोस्ट जनरल सेक्रेटरी राम उजागिर यादव ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की और कार्रवाई न होने पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। मोस्ट निदेशक व सपा नेता शिक्षक श्यामलाल निषाद ने आरोप लगाया कि सत्ता संरक्षित गुंडों द्वारा लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक संगठन संघर्ष जारी रखेगा। इस दौरान जीशान अहमद, राकेश निषाद, नंदिनी बौद्ध सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।