
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के नोडल अधिकारी एवं ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त जी.एस. प्रियदर्शी ने बुधवार को जिले में संचालित विकास परियोजनाओं, कानून व्यवस्था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों, सीएम डैशबोर्ड की प्रगति तथा विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। आयुक्त ने पुलिस विभाग को एकीकृत मालखाना और जब्त वाहनों के लिए सेंट्रल यार्ड की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।उन्होंने सभी सरकारी अस्पतालों, बड़े विद्यालयों और सार्वजनिक भवनों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई एवं बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए जी.एस. प्रियदर्शी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने को कहा। विद्युत विभाग को बकाया वसूली, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और ग्रामीण उपभोक्ताओं तक समय से बिजली बिल पहुंचाने के निर्देश दिए गए।बैठक में स्वयं सहायता समूहों से अधिक परिवारों को जोड़ने, रोजगार सृजन को बढ़ावा देने तथा श्रमिकों की सुविधा के लिए लेबर अड्डों की स्थापना संबंधी प्रस्ताव तैयार करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।