
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन में आयोजित मुख्य विकास अधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे विभिन्न विकास खंडों के रोजगार सेवकों की समस्याओं एवं मांगों की सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद विकास भवन परिसर में स्थापित स्व-गणना हेल्प डेस्क के माध्यम से रोजगार सेवकों समेत अन्य फरियादियों का डिजिटल स्व-गणना पंजीकरण कराया गया।हेल्प डेस्क पर तैनात कार्यालय कर्मी राघवेन्द्र रॉव एवं कमलेश यादव द्वारा लोगों को स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही मोबाइल फोन से स्वयं स्व-गणना करने की विधि, आवश्यक दस्तावेज और पोर्टल उपयोग संबंधी तकनीकी जानकारी भी सरल भाषा में उपलब्ध कराई गई।मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि डिजिटल स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं स्व-गणना कर सकें। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आमजन को प्रेरित करने तथा तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग की अपील की। विकास भवन में संचालित हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग स्व-गणना करा रहे हैं। इससे जनगणना कार्य में तेजी आई है और आमजन भी डिजिटल स्व-गणना अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं