
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। सआदतगंज क्षेत्र में उधार के पैसे वापस न कर पाने पर एक युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित मोहम्मद सदफ सिद्दीकी ने आरोप लगाया है कि कर्ज देने वाले व्यक्ति ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर चाकू की नोक पर उसका अपहरण कर लिया और एक निर्माणाधीन भवन में ले जाकर बेरहमी से पीटा।करीमगंज अंबरगंज निवासी मोहम्मद सदफ सिद्दीकी के अनुसार, उन्होंने कुछ समय पहले शमी अहमद से कारोबार में लगाने के लिए 1.50 लाख रुपये उधार लिए थे। कारोबार में नुकसान होने के कारण वह निर्धारित समय पर रकम वापस नहीं कर सके और उन्होंने कुछ दिनों की मोहलत मांगी थी।पीड़ित का आरोप है कि 6 जून की शाम वह टहलने निकले थे। इसी दौरान कैम्पवेल रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास शमी अहमद अपने 8 से 10 साथियों के साथ मिला और तत्काल पैसे लौटाने का दबाव बनाने लगा। समय मांगने पर आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर धमकाया और जबरन बाइक पर बैठाकर राजाजीपुरम सेक्टर-ई स्थित एक निर्माणाधीन भवन में ले गए।वहां युवक के साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। आरोप है कि पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पीड़ित ने उपचार कराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।