
PARDARSHI VIKASH NEWS महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसद सोमवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। इस घटनाक्रम के बाद लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई है। शिवसेना नेता रामदास कदम ने दावा किया कि छह सांसदों के अलावा एक और सांसद भी शिंदे गुट में शामिल होना चाहते थे और उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कर दिए थे, लेकिन कैबिनेट मंत्री पद की मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। हालांकि कदम ने उस सांसद का नाम बताने से इनकार किया। मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी लड़ाई बालासाहेब ठाकरे के विचारों और शिवसेना को बचाने के लिए है तथा शामिल हुए सांसदों ने “असली शिवसेना” का साथ चुना है। दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई विधायकों की बैठक में भी कुछ विधायक और एक एमएलसी अनुपस्थित रहे, जिससे पार्टी में और टूट की अटकलें तेज हो गई हैं। 2022 में विधायकों की बगावत के बाद यह चार वर्षों में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना में दूसरा बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।