news-details

उन्नाव में गंगा नदी में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के बारा सगवर थाना क्षेत्र के कर्मी गढ़ेवा गांव में गंगा नदी में नहाते समय एक आठ वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की पहचान गढ़ेवा गांव निवासी राकेश रावत के पुत्र गंगा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुधवार को परिवार के सदस्य गांव के पास गंगा किनारे तरबूज और खरबूजे की खेती के काम से खेतों पर गए थे। इसी दौरान मासूम गंगा अचानक लापता हो गया।बच्चे के काफी देर तक दिखाई न देने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खेतों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजन गंगा किनारे पहुंचे, जहां पानी के पास उसका शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।घटना की सूचना मिलते ही बारा सगवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के मुताबिक गंगा परिवार में सबसे छोटा था। उसकी चार बहनें और दो भाई हैं। सबसे छोटे बेटे की अचानक मौत से माता-पिता गहरे सदमे में हैं। गांव के लोग भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।थानाध्यक्ष बारा सगवर धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।