
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंक परामर्श एवं समीक्षा समिति (डीसीसी/डीएलआरसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न बैंकों की प्रगति, सीडी रेशियो, एनपीए और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन बैंक के खराब सीडी रेशियो पर नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों बैंकों के मैनेजरों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश लीड बैंक मैनेजर को दिए। इसके अलावा बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब एंड सिंध बैंक की कमजोर प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त करते हुए सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।जिलाधिकारी ने कहा कि बैंकों की वर्तमान प्रगति संतोषजनक नहीं है और सभी बैंक आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार कार्य करें। उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों के रीजनल मैनेजर और एमडी को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रत्येक माह तुलनात्मक रिपोर्ट तैयार कर प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।बैठक में प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स योजना, मुद्रा योजना, ओडीओपी, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, किसान क्रेडिट कार्ड और एमएसएमई योजनाओं की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने सभी बैंकों से योजनाओं के तहत प्राप्त, स्वीकृत और निरस्त आवेदनों का विवरण मांगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं और प्रत्येक आवेदन का निस्तारण दस दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स योजना और मुख्यमंत्री युवा योजना रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में लीड बैंक मैनेजर, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।