
pardarshi vikas news
उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के इसुनिया गांव में रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अवैध मदरसे को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार यह निर्माण खेलकूद के मैदान के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से किया गया था।जानकारी के मुताबिक गाटा संख्या 122 की लगभग 0.835 हेक्टेयर भूमि सरकारी रिकॉर्ड में खेलकूद मैदान के रूप में दर्ज है, जिस पर अवैध कब्जा कर मदरसे का संचालन किया जा रहा था। यह मामला वर्ष 2018 से न्यायालय में विचाराधीन था और कोर्ट द्वारा पहले ही बेदखली के आदेश जारी किए जा चुके थे।प्रशासन ने 3 जून को संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने का अवसर भी दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई न होने पर रविवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।इस कार्रवाई से पहले शनिवार को बजरंग दल द्वारा भी इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के तहत की गई है और अब इस भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त कर तारबाड़ कराई जाएगी, ताकि यहां बच्चों के लिए खेलकूद का मैदान विकसित किया जा सके।मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।क्षेत्रीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
