
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस औरास थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 262 के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दरोगा और कैदी समेत 7 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डिवाइडर से टकराकर रेलिंग पर लटक गई। हादसे के दौरान कई यात्री बस की खिड़कियों से नीचे जा गिरे। एक घायल का पैर कटकर अलग हो गया।मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम और कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर शामिल हैं। पुलिस टीम कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के बाद वापस बिहार ले जा रही थी।सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी औरास पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां एक और घायल की मौत हो गई।हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस हटाकर यातायात बहाल कराया। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।