
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए डबल डेकर एसी बस हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल 24 लोगों का इलाज लखनऊ स्थित KGMU ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। हादसे में घायल 25 लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था, जिनमें से एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।डॉक्टरों के मुताबिक 4 घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इनमें दो मरीजों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। घायलों में एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। 28 वर्षीय धीरज की स्थिति सबसे गंभीर बताई जा रही है।KGMU ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. प्रेमराज सिंह ने बताया कि सभी घायलों का इलाज एक्सपर्ट डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। न्यूरो और ऑर्थोपेडिक विभाग की टीमें लगातार मरीजों की मॉनिटरिंग कर रही हैं। कई मरीजों को गंभीर फ्रैक्चर और हड्डियों में चोटें आई हैं।डॉ. अमिय अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में 21 पुरुष और 4 महिला मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें 5 की हालत गंभीर है, जबकि बाकी मरीजों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी ट्रॉमा सेंटर पहुंच रहे हैं। कल्याणपुर निवासी राकेश गुप्ता अपने मामा सुरेंद्र कुमार गुप्ता को देखने अस्पताल पहुंचे। उनके मामा दिल्ली से गोरखपुर जा रहे थे और हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।