
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिलाधिकारी कुशीनगर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय एण्टी भू-माफिया टास्क फोर्स की बैठक 07 मई 2026 को सम्पन्न हुई, जिसमें उप जिलाधिकारी तमकुहीराज एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज द्वारा प्रस्तुत संयुक्त जाँच आख्या का परीक्षण किया गया। परीक्षणोपरांत सर्वसम्मति से ग्राम मेहदिया बुजुर्ग, थाना पटहेरवा निवासी धनन्जय उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय रामायण उपाध्याय को भू-माफिया घोषित कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार धनन्जय उपाध्याय पर बैनामाशुदा भूमि एवं अन्य जमीनों को कथित मिलीभगत और जालसाजी के माध्यम से हड़पने के प्रयास के आरोप लगे थे। इस संबंध में प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा संयुक्त जांच कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत की गई।जांच रिपोर्ट में धनन्जय उपाध्याय के विरुद्ध मारपीट, बलवा, घर में घुसकर हमला, धमकी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए। इनमें थाना पटहेरवा पर पंजीकृत मु०अ०सं०-317/2018, 67/2016, 67/2024 तथा 24/2023 प्रमुख रूप से शामिल हैं।संयुक्त जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि धनन्जय उपाध्याय के पिता स्व० रामायण उपाध्याय एवं माता श्रीमती ठागो देवी द्वारा वर्ष 1977 से 2010 के बीच लगभग 33 वर्षों में विभिन्न व्यक्तियों के पक्ष में विधिवत भूमि बैनामे किए गए थे। आरोप है कि वर्ष 2024 में धनन्जय उपाध्याय ने कथित फर्जी इन्द्राज के आधार पर उन्हीं बैनामाशुदा जमीनों पर दावा प्रस्तुत कर वास्तविक धारकों को बेदखल करने का प्रयास किया।रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रयास विफल होने पर संबंधित बैनामा धारकों को धारा 164/165 बीएनएस-2023 के अंतर्गत उप जिलाधिकारी तमकुहीराज न्यायालय में वाद दाखिल कर भूमि सरकार द्वारा जब्त कराए जाने की धमकी दी जाती रही, जिससे उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।उक्त तथ्यों एवं संयुक्त जांच आख्या के आधार पर शासनादेश संख्या-402/1-2-2017-1(सामान्य)/2017 राजस्व अनुभाग-2, लखनऊ दिनांक 01 मई 2017 के तहत जिला स्तरीय एण्टी भू-माफिया टास्क फोर्स ने धनन्जय उपाध्याय को भू-माफिया घोषित करते हुए संबंधित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।