
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।छावनी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक हसन रूमी ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली टिप्पणियों के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।विधायक ने शुक्रवार दोपहर पुलिस आयुक्त को राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर नाजिया इलाही खान नामक महिला द्वारा इस्लाम के अंतिम पैगंबर के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे समुदाय विशेष में आक्रोश का माहौल है।विधायक ने अपने ज्ञापन में संविधान का हवाला देते हुए कहा कि भारत सभी धर्मों को समान सम्मान देने वाला देश है और किसी भी धर्म या उसके पूजनीय व्यक्तित्व पर आपत्तिजनक टिप्पणी सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को प्रभावित करती है।उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि ऐसे मामलों में तुरंत और प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास न करे।इस दौरान कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।