
पारदर्शी विकास न्यूज़ फर्रुखाबाद। जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार धार्मिक आस्था और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।पुरानी ईदगाह और नई ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। नई ईदगाह में मुफ्ती हाजी सैय्यद मोअज्जम अली ने नमाज अदा कराई, जबकि पुरानी ईदगाह में मौलाना शमशाद चतुर्वेदी ने नमाज पढ़ाई। उलेमाओं ने अपने संबोधन में हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी को याद करते हुए लोगों को त्याग, इंसानियत और भाईचारे का संदेश दिया।नमाज के बाद घरों में कुर्बानी दी गई और विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए गए। ईदगाहों के आसपास मेले जैसा माहौल रहा, जहां बच्चों ने खिलौने और गुब्बारों की खरीदारी की।त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह पुलिस बल के साथ ईदगाहों पर मौजूद रहीं। पूरे जिले को चार जोन और पंद्रह सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की गई। ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की गई, जबकि वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।