
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। अमेठी की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में सह-आरोपी पुजारी लाल सोनी ने सोमवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।मामला एक व्यापारी नेता के मकान को कथित रूप से धोखाधड़ी कर दूसरे लोगों के नाम दर्ज कराने से जुड़ा है। अमेठी उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष घनश्याम सोनी ने पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष समेत कई लोगों के खिलाफ परिवाद दायर किया था।आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष रहते हुए चंद्रमा देवी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर उनका मकान दूसरे लोगों के नाम दर्ज करा दिया। इस मामले में अदालत ने सभी आरोपियों को विचारण के लिए तलब किया था।सेशन कोर्ट ने भी पुजारी लाल सोनी की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। नियमित जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए 5 जून की तारीख निर्धारित की गई है।