
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। कमरौली थाना क्षेत्र के नरहरगढ़ मठ मजरा ऊंचगांव में शुक्रवार को सात वर्षीय बच्ची की दवा खाने के कुछ देर बाद मौत हो गई। बच्ची की मां करिश्मा ने कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पर बैठे डॉक्टर जावेद पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। परिजनों के अनुसार बच्ची सौम्यी को बुखार था और सुबह करीब आठ बजे दवा लेने के बाद घर लौटे थे। करीब 10 बजे दवा देने के कुछ देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ी और नाक से झाग आने लगा। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।