news-details

दवा बाजारों पर एफएसडीए की बड़ी छापेमारी, करोड़ों की दवाएं सीज

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की विशेष टीम ने फव्वारा समेत 12 प्रमुख दवा बाजारों में व्यापक छापेमारी कर बड़ी मात्रा में दवाओं के सैंपल और एक्सपायर्ड दवाएं बरामद की हैं। सभी संदिग्ध दवाओं को सीज कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार जब्त दवाओं की कीमत करोड़ों रुपये में हो सकती है।Food Safety and Drug Administration (FSDA) Uttar Pradesh की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के नेतृत्व में लखनऊ मुख्यालय से करीब 30 अधिकारियों की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने फव्वारा स्थित जैन कॉम्प्लेक्स, माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स, बोहरे रामगोपाल मार्केट, मुबारक महल, नवाबिया मार्केट और कम्मू टोला सहित कुल 12 दवा बाजारों में जांच अभियान चलाया।इस दौरान 20 फर्मों और गोदामों की जांच की गई, जिनमें से 12 गोदाम बंद पाए गए, जिन्हें खोलकर निरीक्षण किया गया। जांच में एंटीबायोटिक, पेट रोग, अस्थमा, श्वास रोग, त्वचा रोग और कॉस्मेटिक से जुड़ी बड़ी मात्रा में दवाएं मिलीं। कई पैकेटों पर “Not for Sale / Physician Sample” भी अंकित था। इसके अलावा बड़ी संख्या में एक्सपायर्ड दवाएं भी बरामद हुईं।सभी दवाओं को सीज कर नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। एफएसडीए ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।छापेमारी के दौरान व्यापारियों में नाराजगी भी देखने को मिली। फव्वारा बाजार में कई दवा कारोबारी एकत्र होकर औषधि विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के की गई कार्रवाई से व्यापार प्रभावित हुआ है और उन्हें अनावश्यक परेशान किया जा रहा है।Agra Chemists Association के पदाधिकारियों ने भी कार्रवाई पर सवाल उठाए और कहा कि यदि अवैध गतिविधियां चल रही थीं तो स्थानीय स्तर पर पहले कार्रवाई होनी चाहिए थी। वहीं एसोसिएशन ने दिवंगत दवा कारोबारियों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकसभा भी आयोजित की, जिसमें व्यापारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।