
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के फव्वारा दवा बाजार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के नेतृत्व में करीब 30 अधिकारियों की विशेष टीम ने एक साथ 20 मेडिकल फर्मों पर छापेमारी की। जांच के दौरान 12 दुकानें बंद मिलीं, जिनके ताले प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में तोड़े गए और अंदर से निरीक्षण किया गया।छापेमारी में दवाओं के भंडारण और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में कई अनियमितताएं सामने आईं। दो फर्मों में ‘नॉट फॉर सेल’ लिखी फिजिशियन सैंपल दवाएं मिलने पर उनके स्टोर सीज कर दिए गए। टीम ने कंप्यूटर, लैपटॉप, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज भी जब्त कर जांच शुरू कर दी है।इसके साथ ही झूलेलाल बाजार, माहेश्वरी कॉम्प्लेक्स, बोहरे रामगोपाल मार्केट, मुबारक महल, नवाबिया मार्केट और कम्मू टोला क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। कई जगहों पर दवाओं का स्टॉक रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा था, जबकि कागजों में बड़ा कारोबार दर्ज था।छापेमारी की सूचना से पूरे दवा बाजार में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानदार दुकानें बंद कर भाग निकले। ऐसे फर्मों की अलग सूची तैयार की जा रही है। कार्रवाई में कई जिलों के 15 से अधिक अधिकारी शामिल रहे।विभाग अब करीब 450 थोक दवा लाइसेंसधारकों की भी ऑडिट प्रक्रिया शुरू कर रहा है, जिसमें लाइसेंस, जीएसटी, स्टॉक और गोदाम की विस्तृत जांच की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार कई फर्में लंबे समय तक बंद रहती हैं, लेकिन रिकॉर्ड में बड़े कारोबार दिखाए जाते हैं, जिस पर अब सख्ती बढ़ाई जाएगी।