news-details

दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया/कुशीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 55 वर्षीय रामप्रीत गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उनकी नाबालिग पुत्री घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, बैदौली महुआडी निवासी रामप्रीत गुप्ता अपनी लगभग 14 वर्षीय पुत्री के साथ मोटरसाइकिल से कसया की ओर जा रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे जब वे हेतिमपुर तिराहे के पास पहुंचे, तभी गोरखपुर की दिशा से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि रामप्रीत गुप्ता सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया उनके दोनों पैरों पर चढ़ गया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पुत्री को भी हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने रामप्रीत की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रविंद्र नगर, पडरौना रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही बैदौली महुआडी गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।कुशीनगर चौकी प्रभारी सुजीत पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करने वाला यह हादसा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है