
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। दक्षिण कोरिया की प्रतिष्ठित कंपनी ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क ने गुरुवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। उनके साथ राइट्स लिमिटेड और जेसीएल इन्फ्रा इंडिया के अधिकारी भी मौजूद रहे। दौरे का उद्देश्य स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता का आकलन करना था।प्रतिनिधिमंडल का स्वागत मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने किया। प्रशासन भवन में आयोजित बैठक के दौरान बरेका की उत्पादन क्षमता, तकनीकी प्रगति, वैश्विक निर्यात, आधुनिक विनिर्माण सुविधाओं और लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने ट्रक मशीन शॉप, लोको फ्रेम शॉप, असेंबली शॉप, टेस्ट शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप और इंजन इरेक्शन शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें अत्याधुनिक तकनीक और निर्माण प्रक्रियाओं की जानकारी दी।दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की आधुनिक उत्पादन अवसंरचना, तकनीकी दक्षता और उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण कार्य की सराहना की। इसे भविष्य में औद्योगिक और व्यावसायिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में शियुंग पार्क को बरेका की ओर से लोकोमोटिव का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।