
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित कई ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 में हुआ था। शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी क्षमता के अनुसार नकदी, आभूषण और घरेलू सामान सहित अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज के रूप में मांग रहा था।शिकायत के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, अश्लील हरकतें की गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि उसे कई बार डायल-112 पर शिकायत करनी पड़ी, लेकिन बाद में उसे घर से निकाल दिया गया।पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना हलका इंचार्ज मुकेश कुमार को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।