
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के इनायतनगर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला तब सामने आया जब मृतका के भाई ने थाने में तहरीर देकर अपनी बहन की संदिग्ध मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।कुमारगंज थाना क्षेत्र के इसौली भारी पूरे भोला पांडे गांव निवासी नीलेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन ममता यादव की शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे मानसिक रूप से भी परेशान किया जाता था। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार उत्पीड़न से तंग आकर ममता को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे फांसी पर लटका दिया गया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने सुखदेव और उसके पुत्र कपिलदेव निवासी ग्राम निमड़ी पिलाई, थाना इनायतनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिसामुद्दीनपुर मोड़, रामगंज बरौलिया क्षेत्र से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।