
गोरखपुर जोन की अन्तर्जनपदीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर के जिला स्टेडियम में आयोजित गोरखपुर जोन की तीन दिवसीय “अन्तर्जनपदीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026” का सोमवार को शानदार समापन हुआ। समापन समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार भी मौजूद रहे।समारोह की शुरुआत प्रतिभागी टीमों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई, जिसकी सलामी अपर पुलिस महानिदेशक ने ली। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में देवरिया की टीमों का दबदबा देखने को मिला। पुरुष वर्ग के फाइनल में देवरिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुशीनगर को 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में भी देवरिया ने कुशीनगर को 1-0 से मात देकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पुरुष वर्ग में कामरान अली और महिला वर्ग में स्नेहलक्ष्मी को “सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।09 मई से 11 मई 2026 तक चली इस प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन के कुल नौ जनपदों — गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, संतकबीरनगर, गोण्डा, सिद्धार्थनगर, बस्ती और बहराइच की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की मेजबानी कुशीनगर पुलिस द्वारा की गई।समापन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक मनोज कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।