
PARDARSHI VIVASH NEWS मध्य प्रदेश के देवास के टोंक कलां इलाके में गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में 8 से 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि कलेक्टर ने दो मौतों की पुष्टि की है जबकि आरएमओ ने तीन लोगों के मारे जाने की बात कही है। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और कई लोग बुरी तरह झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। तीन महिलाएं अब भी लापता बताई जा रही हैं। फैक्ट्री में बड़ी संख्या में महिलाएं काम करती थीं और हादसे के समय कई मजदूर अंदर मौजूद थे। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक फैक्ट्री में दो केमिकल मिलाकर बारूद तैयार किया जा रहा था और मात्रा में गड़बड़ी होने से विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि ब्लास्ट लंच से करीब 15-20 मिनट पहले हुआ, जिसके बाद कर्मचारी खाना छोड़कर जान बचाने के लिए भागे।हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री के खिलाफ पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में करीब 400 से 500 मजदूर काम करते थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। पुरुष मजदूरों को 400 रुपये और महिला मजदूरों को करीब 250 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जाती थी। ग्रामीणों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री को बने करीब 6 से 8 महीने हुए थे और वहां अभी भी निर्माण कार्य जारी था। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक मिला है। उल्लेखनीय है कि इसी स्थान पर मार्च महीने में भी ब्लास्ट की घटना हो चुकी थी।