news-details

दौड़ लगाते समय किशोर की मौत, परिवार में मातम

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव नवादा दोयम में भागवत कथा के समापन के बाद एक 14 वर्षीय किशोर की अचानक मौत हो गई। रविवार शाम हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार गांव में भागवत कथा का समापन था, जहां प्रसाद के रूप में पंजीरी वितरित की जा रही थी। राकेश सिंह का बेटा पीयूष भी प्रसाद ग्रहण करने के बाद अपने दोस्त देबू के साथ रोज की तरह दौड़ लगाने निकल गया। दौड़ पूरी कर लौटते समय गांव के बाहर मंदिर के पास वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। दोस्त के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजन उसे तत्काल मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। पीयूष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। पिता खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल किशोर की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। चिकित्सकों की रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।