
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर/गोरखपुर।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का समापन रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन सत्र के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय मेधावी रहे। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।अभ्यास वर्ग के दूसरे दिन प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए अतिरिक्त महासचिव मोहन पुरोहित ने ‘हमारा विद्यालय–हमारा तीर्थ’ विषय पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक पवित्र स्थान है, जहां से समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्मित होता है। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता और सुंदरीकरण पर विशेष बल देते हुए इसे प्रेरणादायी वातावरण बनाने की अपील की।प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए शिक्षकों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।अंतिम सत्र शिक्षक समस्याओं और उनके समाधान पर केंद्रित रहा। गोरक्ष एवं काशी प्रांत के विभिन्न जिलों से आए शिक्षकों ने अपनी सेवा संबंधी समस्याएं प्रस्तुत कीं। प्रदेश अध्यक्ष प्रो. संजय मेधावी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि संगठन शासन स्तर पर निरंतर संवाद कर समाधान के लिए प्रयासरत है।उन्होंने बताया कि संगठन पुरानी पेंशन बहाली, टेट अनिवार्यता समाप्त करने, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, 17140 वेतन विसंगति तथा बीटीसी 2001 व विशिष्ट बीटीसी 2004 बैच की पुरानी पेंशन लागू कराने के मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।अखिल भारतीय वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के केंद्र में ‘भारत’ और ‘भारतीयता’ का भाव होना चाहिए। उन्होंने स्वदेशी विचार और भारतीय मूल्यों को शिक्षा में समाहित करने पर बल दिया।कार्यक्रम के अंत में गोरखपुर की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। जयप्रकाश मद्धेशिया को जिला संयोजक तथा धर्मेंद्र कुमार सिंह, विजय बरनवाल, अजय कुमार, महेंद्र कुमार पटेल और बृजनंदन यादव को जिला सह संयोजक नियुक्त किया गया।कार्यक्रम का संचालन हरे कृष्ण पाण्डेय ने किया, जबकि आभार ज्ञापन मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ल ने व्यक्त किया।इस अवसर पर आञ्जनेय त्रिपाठी, अविनाश शुक्ल, ऋषिकेश गुप्त, जय शिव प्रताप चंद, नवीन त्रिपाठी, अखिलेश मिश्र, आदित्य शुक्ल, महेश कर्णधार, सुशीला पाण्डेय, नूतन मिश्रा, शशांक मिश्र, अनिरुद्ध त्रिपाठी, शालिनी मिश्रा, दिलीप सिंह, हरिंद्र चौरसिया, रितु श्रीवास्तव, अशोक यादव, हरवेश गुप्ता, सर्वेश्वर तिवारी, ब्रह्मानंद मिश्र, मानवेन्द्र सिंह, अजय शुक्ल, बृजनंदन यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।