
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद अमेठी में 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के नवीन युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से 02 एवं 03 नवंबर 2026 को 02 दिवसीय विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया गया। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत यह अभियान जनपद के माध्यमिक विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में चलाया गया। अभियान के दौरान गूगल फॉर्म के माध्यम से विकासखंडवार एवं तहसीलवार सूचनाओं का संकलन किया गया। माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा स्तर से कुल 4,986 फॉर्म-06 (लगभग 5,000) संकलित किए गए।विधानसभा क्षेत्रवार संकलित आंकड़ों के अनुसार अमेठी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अमेठी, भादर, भेंटुआ एवं संग्रामपुर विकासखंडों से कुल 2,223 फॉर्म-06, जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुसाफिरखाना, शुकुलबाजार एवं जगदीशपुर विकासखंडों से 1,164 फॉर्म-06, तिलोई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तिलोई, सिंहपुर एवं बहादुरपुर विकासखंडों से 738 फॉर्म-06 तथा गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गौरीगंज, शाहगढ़ एवं जामो विकासखंडों से 861 फॉर्म-06 संकलित किए गए। इस प्रकार जनपद के चारों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 4,986 फॉर्म-06 संकलित किए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए समस्त ईएलसी (ELC) नोडल अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों तथा अभियान में सहयोग करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि संकलित समस्त फॉर्म-06 की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच एवं अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) एवं निर्वाचन पोर्टल पर नियमानुसार प्रविष्टि कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
स्वीप के माध्यम से मतदाता जागरूकता एवं आमजन से अपील
स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में युवाओं एवं आम नागरिकों को मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी, निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान तथा अपने मताधिकार के महत्व की जानकारी दी जा रही है।जिला प्रशासन, अमेठी द्वारा जनपद के समस्त पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से अपील की जाती है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा उसका मतदाता पहचान पत्र (Voter ID Card) नहीं बना है, तो वह अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर फॉर्म-06 उपलब्ध कराते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन कर सकता है। पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे स्वयं मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के साथ अपने परिवार, आसपास के युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें, जिससे कोई भी पात्र नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।