news-details

दो दिन से बिजली गुल, आधी रात डीएम आवास पहुंचा लोगों का गुस्सा

You can share this post!

 

उन्नाव। इंद्रानगर क्षेत्र में लगातार दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज लोगों का गुस्सा मंगलवार देर रात फूट पड़ा। रात करीब 11 बजे क्षेत्र के करीब 20 से 30 लोग जिलाधिकारी आवास पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में बिजली नहीं होने के कारण भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बिजली गुल रहने से पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन तक नहीं उठाया। वहीं, अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) के कानपुर में होने की जानकारी मिलने पर लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह और कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।क्षेत्रवासियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने बिजली विभाग से व्यवस्था में सुधार और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने की मांग की है।