
PARDARSHI VIKASH NEWS सलेमपुर (देवरिया), सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह कनक स्वीट्स के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। दो ट्रकों की टक्कर के बाद अनियंत्रित हुए वाहन की चपेट में आने से महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े दूध से लदे ट्रक में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दूध से लदा ट्रक नाले में उतरकर पलट गया। इसी दौरान सड़क किनारे टहल रही बबिता देवी (48) दोनों वाहनों की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतका बबिता देवी पत्नी स्वर्गीय विपिन बिहारी, निवासी अहिरौली लाला, सलेमपुर थीं। वह सलेमपुर के चूड़ा गली में स्थित ‘शिवांगी ब्यूटी पार्लर’ का संचालन करती थीं और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी 18 वर्षीय पुत्री स्नेहा कुमारी और 16 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बबिता देवी मेहनत कर अपने बच्चों का भविष्य संवारने में जुटी थीं, लेकिन हादसे ने बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया।सूचना पर पहुंची सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, देवरिया भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों ने सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने, तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा नियमित यातायात निगरानी की मांग की है।