news-details

देशभर में मौसम का डबल अटैक, कहीं आंधी-तूफान तो कहीं भीषण हीटवेव

You can share this post!

PARDARSHI VIKASH NEWS देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जबकि राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है। बुधवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या समेत 30 जिलों में तेज आंधी और तूफान के कारण 94 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। कई जगहों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। बरेली में एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़कर कई फीट दूर जा गिरा। वहीं बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 51 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।राजस्थान में लगातार चौथे दिन जैसलमेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के 13 जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। मध्य प्रदेश के 25 से ज्यादा जिले भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। खजुराहो में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी है। यहां वार्म नाइट की स्थिति भी बनी हुई है।हरियाणा में पिछले 24 घंटे में तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। नारनौल में सबसे ज्यादा 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 17 मई से राज्य में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में तेज बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार 15 मई को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव जारी रह सकती है। वहीं बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में तेज हवाओं और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है। 16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।