
PARDARSHI VIKASH NEWS देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को करीब आधे घंटे की तेज बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। कई वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि दुकानों और मकानों में भी पानी भर गया। उधर, कोलकाता में लगभग एक घंटे की बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। शहर की प्रमुख सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया और एसएसकेएम अस्पताल के वार्डों तक पानी पहुंचने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।मध्य प्रदेश में लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए इंदौर के 15 पर्यटन स्थलों को 22 अगस्त तक बंद कर दिया गया है। वहीं शाजापुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिनों में मानसून पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर सकता है।दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में मानसून अब भी सामान्य समय से करीब 8 दिन देरी से चल रहा है। कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तेलंगाना, गोवा, केरल और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और कुछ अन्य क्षेत्रों में गर्मी का असर जारी रहने की चेतावनी दी गई है।