
PARDARSHI VIKASH NEWS देश के 11 राज्यों में गुरुवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने व्यापक तबाही मचाई। मध्य प्रदेश के भोपाल में करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान के कारण 80 से ज्यादा पेड़ गिर गए और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। उत्तर प्रदेश के नोएडा समेत 12 शहरों में तेज हवाओं और बारिश के चलते करीब 400 पेड़ उखड़ गए, जिससे कई वाहन दब गए और घंटों तक यातायात बाधित रहा। दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में भी खराब मौसम का असर दिखा, जहां कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा और कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी सूचना मिली।हरियाणा के फरीदाबाद में निर्माण कार्य के दौरान तेज हवाओं से क्रेन पलट गई, जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई। बिहार के भागलपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की जान चली गई। कई राज्यों में पेड़ गिरने, सड़कें जाम होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी घटनाएं सामने आईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।मौसम विभाग के अनुसार, केरल में मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है और यह अब कर्नाटक, तमिलनाडु समेत कई हिस्सों में फैल चुका है। आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ सकता है। राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है क्योंकि अगले दो से तीन दिन तक मौसम का यह खराब दौर जारी रह सकता है।