
अमेठी। सोमवार की सुबह नगर के सरकारी अस्पताल के पास से दो वर्षीय बच्चा अनस अचानक लापता हो गया। बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका।परिजनों के अनुसार, अनस सोमवार की सुबह घर के पास खेल रहा था। करीब 8:30 बजे उसकी मां ने बाहर निकलकर देखा तो बच्चा वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाके और संभावित स्थानों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।बच्चे का पता न चलने पर परिजनों ने अमेठी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवार ने पुलिस से बच्चे को जल्द से जल्द खोजकर सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम बच्चे की तलाश कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है।