news-details

दो पत्नियां पहुंचीं क्लीनिक, तीसरी शादी की भनक पर बवाल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा के इकदिल कस्बे की नई बस्ती में गुरुवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक पर पहली पत्नी को मृत बताकर दूसरी शादी करने और अब तीसरी शादी की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए उसकी दोनों पत्नियां अपने परिजनों के साथ उसके क्लीनिक और घर पहुंच गईं। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।युवक के परिवार ने क्लीनिक और मकान में तोड़फोड़ व आगजनी का आरोप लगाया है, जबकि दोनों महिलाओं का कहना है कि यह विरोध पति की कथित धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के खिलाफ था। पुलिस ने आगजनी, तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में चार महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।शिकायत के अनुसार, युवक की पहली पत्नी रोजिश मंसूरी अपने माता-पिता और दूसरी पत्नी सना उर्फ सपना के साथ क्लीनिक पहुंची थी। आरोप है कि वहां विवाद के दौरान क्लीनिक के शीशे और बाहर खड़ी बाइक को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद युवक के घर पहुंचकर गद्दों और अलमारी में आग लगाने का भी आरोप लगाया गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया गया है।दोनों महिलाओं का आरोप है कि युवक तीसरी शादी की तैयारी कर रहा था। पहली पत्नी का कहना है कि शादी के बाद उससे अतिरिक्त दहेज की मांग की गई और प्रताड़ित किया गया। वहीं दूसरी पत्नी सना का आरोप है कि उससे निकाह से पहले पहली पत्नी की मौत होने की झूठी बात कही गई थी। बाद में उसे पता चला कि पहली पत्नी जीवित है। उसने दहेज मांग, मारपीट और बंधक बनाकर रखने के भी आरोप लगाए हैं।विवाद के दौरान युवक के परिवार द्वारा संचालित क्लीनिक की वैधता पर भी सवाल उठाए गए हैं। पहली पत्नी के पिता ने बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के क्लीनिक चलाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।