news-details

दो पालतू कुत्तों की हत्या से कॉलोनी में आक्रोश

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के थाना क्षेत्र स्थित गांव पोइया की मां संतोषी कॉलोनी में दो पालतू कुत्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात अज्ञात लोगों द्वारा दोनों कुत्तों को मार डालने का आरोप लगाया गया है। रविवार सुबह कुत्तों के शव मिलने के बाद कॉलोनी में आक्रोश फैल गया और लोगों ने कार्रवाई की मांग की।कॉलोनी निवासी सोनिया देवी ने बताया कि दोनों कुत्ते उनके पालतू थे और घर के बाहर रहते थे। उनका आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ संदिग्ध लोग कॉलोनी के आसपास घूमते दिखाई दे रहे थे। कुत्ते उन्हें देखकर भौंकते थे, जिससे नाराज होकर अज्ञात लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया।रविवार सुबह दोनों कुत्तों के शव घर के सामने स्थित एक खाली प्लॉट में पड़े मिले। स्थानीय लोगों के अनुसार एक कुत्ते के पैर रस्सी से बंधे हुए थे, जिससे घटना को लेकर संदेह और गहरा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।घटना की जानकारी मिलने पर सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सोनिया देवी की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों कुत्तों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।