news-details

दिनदहाड़े महिला की हत्या के बाद लूट, घर में घुसे बदमाशों ने गला रेता

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास-1 में गुरुवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला की हत्या कर दी और इसके बाद नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार आवास विकास-1 स्थित मकान संख्या एच-1624 में रिटायर लेक्चरर हरेन्द्र कुमार सिंह अपनी पत्नी ऊषा सिंह के साथ रहते हैं। उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा बाहर नौकरी के सिलसिले में रहता है। गुरुवार दोपहर हरेन्द्र कुमार दवा लेने के लिए घर से बाहर गए थे। उन्होंने बाहर से गेट बंद कर दिया था। करीब 30 मिनट बाद लौटने पर मुख्य दरवाजा खुला मिला।

उन्होंने पत्नी को आवाज लगाते हुए घर के अंदर प्रवेश किया तो नजारा देखकर सन्न रह गए। पत्नी ऊषा सिंह का शव खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा था। उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। घर का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारियों के लॉकर टूटे मिले।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर एडीसीपी वेस्ट, एसीपी कल्याणपुर और थाना पुलिस भारी फोर्स के साथ पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद लूट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।