
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल बाजार में दिनदहाड़े एक मोबाइल दुकान से चोरी की वारदात सामने आई है। दुकान मालिक के कुछ देर के लिए बाहर जाते ही एक नकाबपोश महिला ने मौके का फायदा उठाकर दुकान से एक कीमती एंड्रॉयड मोबाइल चोरी कर लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सरसौल कस्बा निवासी चंदेल सिंह की बाजार में मोबाइल की दुकान है। उन्होंने बताया कि वह कुछ समय के लिए दुकान के पास बने बाथरूम गए थे। इसी दौरान एक नकाबपोश महिला दुकान के बाहर आई और कुछ देर तक आसपास नजर रखने के बाद अंदर दाखिल हो गई।सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला सीधे दुकान में रखी अलमारी के पास पहुंची और वहां से एक एंड्रॉयड मोबाइल उठाकर कुछ ही सेकंड में वहां से फरार हो गई।दुकान मालिक जब वापस लौटे तो मोबाइल गायब मिला। काफी तलाश के बाद जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पूरी वारदात सामने आ गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी महिला की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।