news-details

दिन में रेकी, रात में ट्रांसफार्मर चोरी; 5 शातिर गिरफ्तार

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्यूबवेल इंजनों और ट्रांसफार्मरों के कीमती पार्ट्स चोरी कर किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का बिल्हौर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल लोडर, गैस कटर, अन्य उपकरण, ट्रांसफार्मर व ट्यूबवेल के पार्ट्स और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के अनुसार, बिल्हौर पुलिस शनिवार देर रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गौरी अंडरपास के पास एक संदिग्ध लोडर दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसमें सवार पांच युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्यूबवेल और ट्रांसफार्मर के पार्ट्स चोरी करने की बात स्वीकार की।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन में खेतों और हाईवे किनारे लगे ट्यूबवेल व ट्रांसफार्मरों की रेकी करते थे। रात में लोडर लेकर सुनसान स्थान पर पहुंचते और गैस कटर व अन्य उपकरणों की मदद से कॉपर कॉइल, स्टार्टर, मोटर के पुर्जे और अन्य कीमती सामान निकालकर ले जाते थे। पुलिस पूछताछ से बचने के लिए लोडर खराब होने का बहाना बनाते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, कन्नौज और फतेहपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में कई वारदातें की हैं। करीब 15-20 दिन पहले मंगलपुर क्षेत्र में हुई ट्रांसफार्मर पार्ट्स चोरी में भी गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है।आरोपियों के मोबाइल में अवैध असलहों की तस्वीरें भी मिली हैं। पुलिस मोबाइल डेटा की फोरेंसिक जांच करा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश कर रही है।गिरफ्तार आरोपी: अमित भारद्वाज उर्फ राजेश शर्मा उर्फ छोटे, अंकित अग्रहरि उर्फ अंकित कुमार, शिवम चौरसिया उर्फ बंटी, राकेश उर्फ ठाकुर और प्रांशु सोनकर उर्फ पप्पू सोनकर।

बरामदगी में क्या-क्या मिला

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से-

चोरी में प्रयुक्त लोडर वाहन
ट्रांसफार्मर खोलने के विशेष टूल्स
ट्यूबवेल इंजनों के कीमती पुर्जे
ट्रांसफार्मर के कॉपर और अन्य धातु संबंधी पार्ट्स
कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।