news-details

दालमंडी चौड़ीकरण के लिए 14 मकानों पर चला बुलडोजर

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में रविवार को चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन और पीडब्ल्यूडी ने अवैध घोषित 14 मकानों के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर और मजदूरों की मदद से कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार संबंधित भवन स्वामियों को पहले नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में वैध अभिलेख नहीं मिलने पर अंतिम ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया। कार्रवाई के दौरान 300 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी और पैरामिलिट्री बल तैनात रहे तथा ड्रोन से निगरानी की गई। दूसरी ओर कुछ दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त सूचना नहीं दी गई और कार्रवाई में दुकानों का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत 650 मीटर लंबी सड़क को 60 फुट चौड़ा किया जाना है। इस परियोजना पर करीब 216 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और प्रभावित भवन मालिकों को मुआवजा भी दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात, बुनियादी सुविधाओं और आवागमन में बड़ा सुधार होगा।