news-details

दिल्ली में चलती बस में महिला से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS दिल्ली में एक बार फिर 2012 के निर्भया कांड जैसी घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 11 मई की रात एक महिला काम से लौट रही थी, तभी सरस्वती विहार बस स्टॉप पर खड़ी बिहार रूट की एक प्राइवेट स्लीपर बस में उसे जबरन खींच लिया गया। आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने चलती बस में करीब दो घंटे तक महिला के साथ दरिंदगी की और बाद में सुनसान इलाके में सड़क पर फेंककर फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रानी बाग थाना पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर बस की पहचान की। जांच में सामने आया कि बस दिल्ली-बिहार रूट पर चलती है और गोपालगंज RTO में रजिस्टर्ड है। पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर उमेश और हेल्पर रामेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बस के अंदर पर्दे लगे थे और AC बस होने के कारण बाहर किसी को घटना की भनक नहीं लगी। फोरेंसिक टीम ने बस से सबूत जुटाए हैं और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना 2012 के निर्भया गैंगरेप कांड की याद दिला रही है, जिसमें चलती बस में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसे सड़क पर फेंक दिया गया था।