
PARDARSHI VIKASH NEWS दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे में छह लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग पहले पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में लगी और धीरे-धीरे पूरी बिल्डिंग में फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि धुआं ग्राउंड फ्लोर से लेकर ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। फायर ब्रिगेड को रात करीब 2:35 बजे से 2:37 बजे के बीच सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 3:45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।राहत कार्य के दौरान फायर फाइटर्स ने छत का लॉक तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कुछ लोगों को सीढ़ियों और रस्सियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं और आसपास की संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में भी दिक्कतें आईं।इससे पहले भी दिल्ली में हाल ही में एक होटल में आग लगने की घटना हो चुकी है, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी, जिससे राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।