
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश फायर विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में फायर सर्विस के महानिदेशक (डीजी) सुजीत पांडेय ने गुरुवार को गोमतीनगर स्थित होटल क्लासिको का निरीक्षण कर वहां मौजूद अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डीजी फायर ने होटल में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट, फायर फाइटिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।सुजीत पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में नियमित फायर ड्रिल और सुरक्षा ऑडिट कराए जा रहे हैं। दिल्ली की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी हाईराइज इमारतों, अस्पतालों, होटलों, मॉल और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जाएगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फायर विभाग के अनुसार प्रदेशभर में सुरक्षा मानकों की समीक्षा लगातार जारी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को रोका जा सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।