
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा-ग्वालियर हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा बुधवार सुबह सैंया थाना क्षेत्र में कुणाल कॉलेज के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, एक कार में बीएससी के सात छात्र सवार थे, जबकि दूसरी कार में आठ लोग हरिद्वार से लौट रहे थे।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रों की अर्टिगा कार का टायर फटने के बाद वह अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही नेक्सन कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नेक्सन कार पलट गई।सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कारों से बाहर निकालकर इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे में धौलपुर निवासी रिंकू शर्मा, दतिया निवासी विवेक तिवारी और मीना श्रीवास्तव की मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक, अर्टिगा कार में सवार छात्र बीएससी की परीक्षा देने आगरा आ रहे थे। घायल छात्र अभिषेक शर्मा ने बताया कि कुणाल कॉलेज के पास पहुंचते ही कार का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ चली गई।वहीं दूसरी कार में मध्य प्रदेश के दतिया निवासी परिवार सवार था, जो हरिद्वार से दर्शन और गंगा स्नान के बाद वापस लौट रहा था। हादसे में कार सवार विवेक तिवारी और मीना श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं।पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।