
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 1.10 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि एजेंटों ने नौकरी के नाम पर पैसे लेने के बाद फर्जी वीजा और हवाई टिकट दे दिए। एयरपोर्ट पहुंचने पर दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिसके बाद युवक को वापस लौटना पड़ा। मामले में पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी नसव्वर पुत्र असगर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पहचान देवा निवासी जुबेर से थी। जुबेर ने उसकी मुलाकात अयोध्या निवासी मैकाइल और उसके साथी अबूबकर से कराई। दोनों ने चिनहट स्थित एक कंसल्टेंसी के माध्यम से दुबई में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।पीड़ित के मुताबिक, उसने अपने साढ़ू के बेटे मिथुन को विदेश भेजने के लिए 22 फरवरी 2025 को 1.10 लाख रुपए और जरूरी दस्तावेज एजेंटों को दिए थे। कुछ समय बाद आरोपियों ने वीजा और टिकट उपलब्ध कराए, लेकिन एयरपोर्ट पर जांच के दौरान दोनों फर्जी निकले। इसके बाद मिथुन को यात्रा की अनुमति नहीं मिली।पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी तरह कई अन्य युवकों से भी विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए लिए गए। पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में कार्यालय बंद कर फरार हो गए।नसव्वर का कहना है कि उसने पहले पुलिस चौकी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने पुलिस कमिश्नर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कराने और रकम वापस दिलाने की मांग की है।