news-details

दिबियापुर सीएचसी में विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता अभियान

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Auraiya

औरैया जनपद के दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को विश्व मलेरिया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने मलेरिया उन्मूलन की शपथ ली तथा लोगों को मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि गर्मी के मौसम में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है, जिससे मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक रोग फैलने का खतरा रहता है। उन्होंने कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं, ताकि समय रहते उपचार मिल सके।

इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस की थीम “मलेरिया खत्म करने की ओर अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” रखी गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है।

डॉ. अहीर दीपिका और दिनेश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान बुखार से पीड़ित लोगों की ब्लड स्लाइड लेकर जांच की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों और मरीजों को मच्छरों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। लोगों से अपील की गई कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई रखें तथा मच्छरदानी का प्रयोग करें।

कार्यक्रम में डॉ. रश्मि यादव, डॉ. शाहिना तबस्सुम, डॉ. अदिति सिंह, डॉ. हरिओम, फार्मासिस्ट मृदुल पाल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।